तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।।माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ.प्र. प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 के परीक्षा केन्द्र निर्धारण हेतु जनपद स्तरीय समिति की अहम बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री बद्री नाथ सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले के सभी 215 विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं और बेसिक सूचनाओं के सत्यापन के बाद परीक्षा केन्द्रों पर आई कुल 48 आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की गई।जिला विद्यालय निरीक्षक सोनभद्र ने बताया कि बोर्ड की वेबसाइट पर प्रधानाचार्यों द्वारा अपलोड की गई सूचनाओं के उपरांत उपजिलाधिकारी नेतृत्व वाली चार सदस्यीय तहसील स्तरीय टीमों ने प्रत्येक विद्यालय का भौतिक सत्यापन किया। इसी आधार पर 30 नवंबर 2025 को ऑनलाइन प्रक्रिया से 71 परीक्षा केन्द्र प्रस्तावित किए गए थे और 4 दिसंबर तक आपत्तियाँ आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त आपत्तियों में परीक्षा केन्द्रों की दूरी कम करने हेतु 20, नए केन्द्र बनाए जाने को लेकर 15, छात्र आवंटन कम करने की 11 तथा केन्द्र न बनाए जाने संबंधी 2 आपत्तियाँ शामिल थीं।डीआईओएस ने समिति को अवगत कराया कि इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हाईस्कूल में पिछले वर्ष के 26,242 परीक्षार्थियों के सापेक्ष इस वर्ष 1107 की वृद्धि के साथ कुल संख्या 27,349 हो गई है जबकि इंटरमीडिएट में 20,508 की तुलना में 471 छात्र बढ़कर कुल परीक्षार्थी 20,979 हो गए हैं। कुल मिलाकर इस वर्ष 1,578 अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसी बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए समिति ने गत वर्ष के 77 परीक्षा केन्द्रों की तुलना में 3–4 अतिरिक्त केंद्र निर्धारित करना आवश्यक माना।
जिलाधिकारी श्री बद्री नाथ सिंह ने निर्देश दिए कि वर्ष 2025 में उपयुक्त पाए गए एवं आपत्ति दर्ज कराने वाले सभी 09 पूर्व परीक्षा केन्द्रों को इस वर्ष भी परीक्षा केन्द्र के रूप में पुनः शामिल किया जाए। साथ ही, जिन विद्यालयों में पिछले वर्ष परीक्षा केन्द्र नहीं बने थे, वहां उपलब्ध अवस्थापना सुविधाओं, सुरक्षा, क्षमता और बोर्ड मानकों के आधार पर बड़े एवं सुदूर क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों को प्राथमिकता देते हुए केन्द्र निर्धारित किए जाएँ। सभी संशोधित सूचनाएँ माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में उपजिलाधिकारी राबर्ट्सगंज श्री उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी श्री विनय सिंह सहित जनपद के माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।






