सरकारी डीज़ल चोरी का वीडियो वायरल, एक आरोपी गिरफ्तार

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।जिले में सरकारी प्लांटों तक सप्लाई किए जाने वाले डीज़ल की बड़े पैमाने पर हो रही चोरी का सनसनी खेज मामला सामने आया है। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा गांव के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि दिनदहाड़े टैंकर को रोककर खुले आम डीज़ल की कटिंग की जा रही है। वीडियो में कुछ लोग बिना किसी भय के टैंकर से सीधे डीज़ल निकालते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा है और रोजाना हजारों लीटर डीज़ल प्लांटों तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में गायब हो जाता है।बताया जा रहा है कि तेलगुड़वा क्षेत्र से सरकारी प्लांटों के लिए डीज़ल की सप्लाई होती है, और इसी मार्ग पर लंबे समय से डीज़ल चोरी का संगठित रैकेट सक्रिय है। सवाल उठता है कि इतने बड़े स्तर पर हो रही इस चोरी के पीछे कौन है और अब तक कड़ी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? वायरल वीडियो के बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ी है और पूरे जिले की निगाहें अब कार्रवाई पर टिकी हैं।इसी बीच, चोपन पुलिस ने चोरी में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नगर और प्रभारी निरीक्षक चोपन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने गुरमुरा निवासी जयसूर्या पुत्र पन्नालाल (उम्र 20 वर्ष) को हाइडिल कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना चोपन में मुकदमा संख्या 447/2025 धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस में चोरी का मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 70 लीटर डीज़ल और बोलेरो टैंकर भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य वांछित आरोपी सोनू जायसवाल की तलाश जारी है, जिसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास आरोपी से संबंधित कोई सूचना हो तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राम फेर यादव और हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव शामिल रहे, जिनके प्रयासों से यह कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस का कहना है कि डीज़ल चोरी के इस रैकेट में शामिल सभी लोगों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a Comment