मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, सोनभद्र के धोबही गांव में फैला आक्रोश

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धोबही गांव में मानवता को झकझोर देने वाली एक जघन्य घटना सामने आई है। गांव में रह रही मानसिक रूप से अस्वस्थ एक अधेड़ महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के सामने आते ही पूरे गांव में आक्रोश फैल गया, वहीं इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना बीती रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता मूल रूप से रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के छपका गांव की निवासी है और इन दिनों अपने ननिहाल धोबही गांव में रह रही थी। आरोप है कि गांव के ही दो युवक—रामनाथ (उम्र लगभग 40 वर्ष) और शशिकांत (उम्र लगभग 18 वर्ष)ने महिला को आधी रात बहला-फुसलाकर घर से कुछ दूरी पर स्थित खलिहान में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के बाद पीड़िता अर्धनग्न अवस्था में किसी तरह अपने ननिहाल पहुंची। महिला की हालत देखकर परिजन और गांव के लोग सकते में आ गए। पीड़िता की आपबीती सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसे ग्राम प्रधान के दरवाजे पर बैठाकर पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। सुबह करीब 10 बजे यूपी पुलिस की 112 पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इस संबंध में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना प्राप्त हो चुकी है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा उसके बयान के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ इस तरह की दरिंदगी समाज को शर्मसार करने वाली है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply