तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम ने जिले के व्यापारियों के लिए जीएसटी की जटिलताओं को सरल बनाने का काम किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर आयुक्त राज्य कर सूर्यभान सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को जीएसटी से जुड़ी नवीनतम जानकारियां देना, उनकी समस्याएं सुनना और मौके पर समाधान उपलब्ध कराना रहा। संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर योगेश द्विवेदी, विभागीय अधिकारी, कर अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट, व्यापार मंडल पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। मंच संचालन राज्य कर अधिकारी सीताराम ने किया।कार्यक्रम के दौरान 1 जुलाई 2017 से लागू वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम (जीएसटी) की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पूर्ववर्ती कर प्रणाली की तुलना में जीएसटी को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार-सुलभ बताया तथा “एक राष्ट्र, एक कर” की अवधारणा को विस्तार से समझाया।
सहायक आयुक्त राज्य कर राम विजय ने जीएसटी पंजीयन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं पंजीयन से मिलने वाले लाभों को चरणबद्ध तरीके से प्रस्तुत किया। साथ ही पंजीकृत व्यापारियों के लिए लागू मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी दी गई, जिसके तहत 10 लाख रुपये तक का बीमा लाभ दिया जा रहा है।
समाधान योजना पर वरिष्ठ अधिवक्ता जितेंद्र श्रीवास्तव ने पात्रता, लाभ और रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया। वहीं अधिवक्ता यतीश मिश्रा एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट अखिलेश पाण्डेय ने जीएसटी रिटर्न फाइलिंग से जुड़ी तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जीएसटी 2.0 (कर सुधार) के तहत किए गए अहम बदलावों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि 12% और 28% स्लैब को समाप्त कर 5% और 18% के मुख्य स्लैब लागू किए गए हैं। आम उपभोग की कई वस्तुओं को कर मुक्त या 5% स्लैब में लाया गया है, जबकि कृषि कार्यों में उपयोग होने वाली वस्तुओं पर विशेष कर राहत दी गई है।
उपभोक्ताओं को बदली हुई कर दरों की जानकारी देने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई वेबसाइट savingwithgst.in तथा शिकायत निवारण के लिए भारत सरकार के इनग्राम पोर्टल (consumerhelpline.gov.in) की जानकारी सहायक आयुक्त सुधीर गौतम ने दी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में व्यापारियों द्वारा पूछे गए सवालों का विभागीय अधिकारियों ने मौके पर समाधान किया। संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुनील कुमार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यापारियों, अधिवक्ताओं, अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम से व्यापारियों में जीएसटी को लेकर जागरूकता बढ़ी और उन्हें विभागीय अधिकारियों से सीधा संवाद करने का सशक्त मंच प्राप्त हुआ।






