ओबरा में तेज रफ्तार टीपर का कहर, बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल

IMG-20260311-WA0009

बिल्ली-मारकुंडी मार्ग पर कुसहवा टोला के पास हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर*

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।ओबरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब बिल्ली-मारकुंडी मार्ग पर कुसहवा टोला के समीप एक टीपर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक बिल्ली की ओर से ओबरा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार टीपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सड़क से उठाकर किनारे किया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही ओबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सामान्य कराया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About the Author

Leave a Reply