बैंक से घर लौटते समय बाइक अनियंत्रित, सहायक अध्यापक की मौत

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमारदुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के अमवार रोड स्थित डीएलसी पब्लिक स्कूल के समीप मंगलवार दोपहर बाइक अनियंत्रित होने से गंभीर रूप से घायल हुए प्राथमिक विद्यालय पगडेवा खोखा के सहायक अध्यापक मोहम्मद मोबिन अहमद की बुधवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी उम्र लगभग 60 वर्ष थी। वे अंबेडकर नगर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वाजिदपुर गांव के निवासी थे और दुद्धी में परिवार सहित किराए के मकान में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, मोबिन अहमद बैंक संबंधी कार्य से दुद्धी गए थे। कार्य निपटाने के बाद जब वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अमवार रोड पर डीएलसी पब्लिक स्कूल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों को अवगत कराया।
परिजन उन्हें तत्काल दुद्धी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिटी स्कैन के लिए राबर्ट्सगंज रेफर किया गया। जांच के उपरांत उन्हें पुनः दुद्धी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार सुबह उनकी हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबिन अहमद की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजन समेत शिक्षकों में शोक की लहर है।

About the Author

Leave a Reply