तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/ओबरा। महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में “विश्व माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान” के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर उन्हें माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. विभा पाण्डेय ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक और प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर समाज में आज भी कई तरह की भ्रांतियां और संकोच देखने को मिलते हैं। उन्होंने कहा कि समय आ गया है जब महिलाएं और किशोरियां खुलकर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग हों और माहवारी से जुड़े विषयों पर बिना झिझक बातचीत करें।
उन्होंने छात्राओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व की जानकारी दी। साथ ही स्वच्छ सैनिटरी पैड के उपयोग, समय-समय पर पैड बदलने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही महिलाओं को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाने की सबसे बड़ी कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और माहवारी स्वच्छता से जुड़े विभिन्न प्रश्नों का उत्साह के साथ उत्तर दिया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को न केवल जानकारी प्राप्त हुई बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता भी विकसित हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने समाज में माहवारी को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने, महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने तथा स्वच्छता संबंधी संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राध्यापिकाओं में डॉ. संघमित्रा, डॉ. अंजली सहित महाविद्यालय की समस्त छात्राएं उपस्थित रहीं।






