जिला कारागार सोनभद्र में साप्ताहिक जेल लोक अदालत आयोजित, न्यायिक अधिकारियों ने सुनी बंदियों की समस्याएं

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में बंदियों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कारागार सोनभद्र परिसर में साप्ताहिक जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जहां लंबित मामलों के निस्तारण के साथ बंदियों को विधिक सहायता संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के आदेशानुसार आयोजित इस जेल लोक अदालत की अध्यक्षता अपर सिविल जज (सीडी)/एसीजेएम श्री अजय सिंह द्वितीय ने की। कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारी ने जेल परिसर का निरीक्षण करते हुए बंदियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया।
लोक अदालत में कुल 10 मामलों को चिन्हित किया गया था। इनमें से एक अभियुक्त ने अपने तीन मामलों में जुर्म स्वीकार करते हुए समझौते एवं विधिक प्रक्रिया के आधार पर अपने मामलों का निस्तारण कराया। इस कार्रवाई से न्यायालयों पर लंबित मामलों का भार कम होने के साथ-साथ बंदियों को भी शीघ्र न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान जेल प्रशासन एवं विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों की उपस्थिति में बंदियों को उनके अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता योजना तथा लोक अदालत की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई। न्यायिक अधिकारी ने कहा कि जेल लोक अदालत का उद्देश्य केवल मामलों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि बंदियों को न्याय व्यवस्था से जोड़ते हुए उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराना भी है।
इस अवसर पर जेलर एवं प्रभारी अधीक्षक श्री अरविन्द कुमार सिन्हा, उपकारापाल श्री शशांक पटेल तथा असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री जय प्रकाश मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राहुल ने बताया कि जेल लोक अदालत के माध्यम से बंदियों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी है और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply