तेज़ एक्सप्रेस न्यूज –
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन हॉस्पिटल) में तीन दिन से चल रही डॉक्टरों की हड़ताल और बवाल के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर वीके पांडे ने घटना की जांच समिति की संस्तुति के बाद ट्रामा सेंटर के 20 डॉक्टरों को निलंबित कर दिया है।
ये डॉक्टर हुए निलंबित
निलंबित होने वाले डॉक्टरों में 10 जूनियर और शेष सीनियर रेजिडेंट आर्थो विभाग के हैं। बताया गया है महिला वकीलों से मारपीट के दौरान यही डाक्टर ड्यूटी पर तैनात थे। मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉक्टर मोहित जैन और जांच समिति के सदस्य प्रोफेसर डॉक्टर दिलीप चौरसिया ने बताया कि जांच अभी चल रही है। डॉक्टरों को निलंबित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद भी यह देखा जाएगा की किसकी क्या गलती थी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वकीलों का धरना-प्रदर्शन समाप्त
वहीं इस कार्रवाई के बाद अधिवक्ताओं का गुस्सा ठंडा पड़ गया और उनका धरना-प्रर्दशन समाप्त हो गया। वहीं डॉक्टर अभी काम पर नहीं लौटे हैं और वे अस्पताल परिसर में समूह में खड़े हैं। इस कार्रवाई के बाद डॉक्टर काम पर लौटेंगे या नहीं, इस पर अभी संशय है।
प्रशासन हर स्थिति से निपटने को तैयार
माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद डॉक्टरों का गुस्सा भड़क भी सकता है। प्रशासन हर स्थिति से निपटने पर विचार कर रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के साथ बैठक करने जा रहे हैं।





