दुद्धी में तहसील दिवस में 47 मामले से 5 मामलों का मौके पर निस्तारण, 2 के लिए टीमें रवाना

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)। तहसील सभागार में सोमवार को तहसील दिवस का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने की।
तहसील दिवस में जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के कुल 47 मामले सामने आए। तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने मौके पर ही 5 मामलों का त्वरित निस्तारण कराया, जबकि 2 मामलों के समाधान के लिए मौके पर ही टीम गठित कर रवाना किया गया।
आयोजन के दौरान कक्षा 10 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी की छात्रा आकृति गुप्ता ने भी नगर में चरमराई बिजली व्यवस्था को लेकर पत्र सौंपा। अपने पत्र में छात्रा ने जिक्र किया कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था देखकर ऐसा लग रहा है मानो हम लोग 50 दशक पीछे चले गए हों,उन्होंने पत्र के माध्यम से बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की ।
तदुपरांत, तहसीलदार ने उपस्थित तहसील स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने शेष बचे लंबित मामलों को भी समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान तहसील स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment