तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र के रजखड़ गांव स्थित गुप्ता मोड़ के समीप बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवजात बालिका के लावारिस अवस्था में पड़े होने की सूचना सामने आई। नवजात के मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलते ही जिला प्रोबेशन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया।
परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने जिला प्रोबेशन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक राजेश सिंह के मार्गदर्शन में मौके पर पहुंचकर नवजात बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। टीम की तत्परता से नवजात को मौके से सुरक्षित रेस्क्यू कर आगे की नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई।
रेस्क्यू अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन की सीमा शर्मा एवं सत्यम चौरसिया तथा राजकीय विशेष दत्तक ग्रहण इकाई की ललिता शामिल रहीं। टीम ने मौके पर पहुंचकर नवजात की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया।
विभागीय टीम द्वारा नवजात बालिका को सुरक्षित किए जाने के बाद उसे नियमानुसार आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं संरक्षण की प्रक्रिया के लिए आगे भेजा गया। संबंधित अधिकारियों की देखरेख में बालिका की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है।नवजात बालिका किन परिस्थितियों में गुप्ता मोड़ के समीप लावारिस अवस्था में पहुंची, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि इस संबंध में वास्तविक स्थिति नियमानुसार जांच और संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जिला प्रोबेशन विभाग की टीम ने नवजात को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर उसकी देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बना रहा। नवजात बालिका के मिलने की सूचना ने जहां लोगों को स्तब्ध किया, वहीं समय रहते सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से बालिका को सुरक्षित संरक्षण मिल सका।जिला प्रोबेशन विभाग की ओर से बालिका की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के निर्देश पर रेस्क्यू टीम पूरे मामले की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है।






