आम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय, अधिवक्ता हितों और संगठन की मजबूती पर मंथन

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन (डीबीए) सोनभद्र की आम सभा की बैठक में बुधवार को संगठन के सुचारु संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। रॉबर्ट्सगंज कचहरी परिसर स्थित डीबीए भवन में आयोजित बैठक में आम सभा ने सर्वसम्मति से पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य एडवोकेट को संगठन का प्रवक्ता बनाए जाने का निर्णय लिया। वहीं संतोष कुमार यादव एडवोकेट एवं चतुर्भुज शर्मा एडवोकेट को संयुक्त रूप से कार्यवाहक प्रभारी महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
डीबीए अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन पवन कुमार सिंह एडवोकेट ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता करते हुए संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और अधिवक्ताओं की समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। चर्चा के बाद आम सभा की सहमति से संगठन की आगामी गतिविधियों को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
बैठक में तय किया गया कि कार्यवाहक प्रभारी महामंत्री के रूप में संतोष कुमार यादव एवं चतुर्भुज शर्मा संयुक्त रूप से संगठन के प्रशासनिक एवं सांगठनिक कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। दोनों पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने के पीछे संगठन के कार्यों में निरंतरता बनाए रखने और अधिवक्ताओं से जुड़े मामलों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
वहीं पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य एडवोकेट को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद संगठन की गतिविधियों, बैठकों में लिए गए निर्णयों और अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखने की जिम्मेदारी होगी। आम सभा के निर्णय के बाद अधिवक्ताओं ने नई जिम्मेदारियों का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने की बात कही।
बैठक के दौरान अधिवक्ताओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने, अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा बार एसोसिएशन की गरिमा और परंपराओं को कायम रखने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी अधिवक्ता संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की एकजुटता और आपसी समन्वय से होती है।पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन सोनभद्र अधिवक्ताओं की एकजुटता, सम्मान और अधिकारों की आवाज उठाने वाला महत्वपूर्ण मंच है। आम सभा द्वारा लिए गए निर्णय संगठन को व्यवस्थित एवं मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से आपसी समन्वय, भाईचारे और सकारात्मक सोच के साथ अधिवक्ता हित में कार्य करने का आह्वान किया।बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं ने आम सभा द्वारा लिए गए निर्णयों पर सहमति जताते हुए संगठन की एकता और गरिमा को बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने और संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Comment