तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –
फतेहपुर सं.सू/ब्यूरो महेंद्र राज शुक्ल
जिले की बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गयी है। आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश फैल रहा है। जिले में संचालित उपकेंद्रों की हालत खासी पतली हो गयी है। मरम्मत के अभाव में केंद्रों में लगी मशीनें दगा दे रहीं हैं। वहीं जिले को मिल रही बिजली के सापेक्ष बिल की वसूली न होने से अफसरों ने शिकंजा कस रखा है। मंगलवार को फील्ड में उतरी चेकिग की टीमों ने दो उपभोक्ताओं के ऊपर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ता उपकेंद्रों को घेर कर आवाज उठा रहे हैं।चौडगरा के बिदकी रोड विद्युत उपकेंद्र के आशापुर फीडर के गांव दुली खेड़ा में मंगलवार को अवर अभियंता मुकेश गौतम ने छापा मारा। बिजली कनेक्शन चेकिग दौरान विनय व महेंद्र के घरों में मीटर से बाईपास कर बिजली चोरी किए जाने का मामला पाया गया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा गांव के अन्य तीन लोगों के बिजली का बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। वहीं जिले की आपूर्ति बाधित होने की वजह उपकेंदों की मशीनों के रख रखाव की अनदेखी है। जिससे मशीनें बिजली की लगातार आपूर्ति नहीं कर पाती हैं और स्वत:बंद हो जाती हैं। वहीं जर्जर लाइनों के चलते फाल्ट से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि शहर व ग्रामों के क्रमशः 3 व 18 उपकेंद्र ऐसे हैं जहाँ मशीनें मरम्मत की बाट जोह रही हैं। इन उपकेंद्रों से शहर की 6-7 व गांवों की 13-14 घंटे बिजली कट रही है।
7 करोड़ की बिजली में 4 लाख की वसूली
बिजली पंखा के 2.25 लाख,सामान्य कामर्शियल के 90 हजार, वाणिज्य के 52 हजार कनेक्शन हैं। इन उपभोक्ताओं को माह भर में 7 करोड़ की बिजली आपूर्ति की जाती है। जिसमें बिजली विभाग 4 करोड़ रुपए वसूल कर पाते हैं और 2.50 करोड़ बकाए में फंस जाता है और वहीं 50 लाख की चोरी चली जाती। मामले पर एस.ई राकेश पांडेय का कहना था कि जिन उपकेंद्रों की मशीनें जर्जर है। उन्हें दुरुस्त करवाने के निर्देश वितरण खंड के एक्सईएन, एसडीओ व जे.ई को दिये गए हैं। इसका औचक निरीक्षण भी वे स्वयं करेंगे। वही गांव की बिजली लाइनों को दुरुस्त करने के लिए शासन की योजना के कार्यों की जांच पड़ताल की जाएगी।
हालात यह हैं कि जनपद के विकसित व धनाड्य बिंदकी नगर में बारिश के चलते डेढ़ घंटा विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। 33 हजार केवी की बिजली लाइन पर पेड़ की डाल छूने से पूरी लाइन ब्रेक डाउन हो गई। इससे विद्युत आपूर्ति बंद रही। इसके अलावा पुरानी बिंदकी में एलटी लाइन पर पेड़ की डाल गिर जाने से डेढ़ घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी है। जिम्मेदार जल्द आपूर्ति मिलने की दिलासा देते रहे।






