तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – दिवाकर पाण्डेय
आंखों से कमजोर वृद्ध महिला तक डीएम ने अफसरों के जरिए पहुंचाई मदद
लखीमपुर खीरी । आंखों से कमजोर एक बुजुर्ग महिला जिसे गुरुवार की रात कुछ लोगों ने वृद्धा आश्रम पहुंचाया। जिसे इलाज की जरूरत थी। ऐसी कुछ बातें सोशल प्लेटफॉर्म के जरिए खीरी के डीएम तक पहुंची।
शुक्रवार को डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया अपने कैंप कार्यालय में सरकारी कामकाज निपटा रहे थे, तभी अचानक उनकी निगाह फोन पर गई। उन्होंने देखा कि एक वृद्ध महिला को कुछ लोग वृद्धा आश्रम छोड़ गए है, जिसे आंखों से बहुत कम दिखाई देता है। फिर क्या था डीएम ने फ़ौरन वहां के लिए प्रशासनिक व चिकित्सकीय टीम रवाना की।
डीएम के निर्देश पर शुक्रवार की देर शाम वृद्धा आश्रम पहुंचे चिकित्सीय दल (नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम व फिजीशियन डॉ. राजकुमार) ने बुजुर्ग महिला का चिकित्सीय परीक्षण किया। उसके बाद उन्हें जरूरी दवा भी दी। परीक्षण के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूनम ने बताया कि उक्त महिला की दोनों आंखों में पका हुआ मोतियाबिंद व पुतली पर माडा है। जिन्हें शनिवार को जिला चिकित्सालय ले जाकर जांच कराकर तदनुसार ऑपरेशन की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रशासनिक टीम में तहसीलदार (सदर) राकेश कुमार पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने वृद्ध आश्रम के सभी वृद्धजनों को फल व मिष्ठान वितरित किया। अधिकारियों ने सभी वृद्धजनों का एक-एक कर कुशल क्षेम जाना। हेल्थ चेकअप करने आई चिकित्सीय दल व प्रशासनिक टीम से डीएम ने स्वयं बात कर वृद्ध महिला का कुशल क्षेम जाना व उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए।
डीएसडब्लूओ ने वृद्धाश्रम संचालक को निर्देश दिए कि उक्त बुजुर्ग महिला के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखी जाए। वही अपनी देखरेख में उनका चिकित्सक के परामर्शनुसार जांच कराकर ऑपरेशन करवाए।






