तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – प्रदीप दुबे
गाजीपुर में बीती एक पिता ने अपने ही प्रधानपति बेटे की घरेलू विवाद में मौत के घाट उतार दिया है, मामला बाराचवर ब्लॉक के बड़ेसर थाना इलाके के दिलशादपुर गांव का है । सूचना के मुताबिक दिलशादपुर गांव निवासी वशिष्ठ सिंह ने अपने बेटे शैलेन्द्र सिंह को किसी बात को लेकर फावड़े से वार कर मार डाला, जबकि मृतक शैलेंद्र सिंह की पत्नी ग्राम प्रधान भी बताई जा रही हैं। यह घटना शुक्रवार देर रात्रि करीब 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना बरेसर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता वशिष्ठ सिंह उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबिक, शैलेंद्र सिंह के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।।
फिलहाल घटना के बाद गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है, स्थानीय सूत्रों की मानें तो आरोपी वशिष्ठ सिंह उर्फ बंगाली का गांव के बाहर परसा-तिराहीपुर मुख्य मार्ग पर ट्यूबवेल है जहां पर वो थे। शुक्रवार की बीती रात किसी बात को लेकर वशिष्ठ सिंह और उसके बेटे शैलेंद्र सिंह के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में तमतमाए वशिष्ठ सिंह ने वहीं पड़े फावड़े से शैलेंद्र सिंह के ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिसे शैलेंद्र सिंह ने रोकना चाहा लेकिन गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। मामले में एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि सुबह घटना की जानकारी बड़ेसर थाने को हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। प्रथम दृष्टया दोनों शराब के नशे में थे किसी बात को लेकर विवाद हुआ है और इस विवाद में एक की मौत हुई है। मृतक के बेटे की तहरीर पर आगेकी कार्रवाई की जा रही है।






