शारजाह से वाराणसी आ रही फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी-लैंडिंग

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ –

महिला यात्री की तबीयत बिगड़ने पर पायलट ने मांगी मेडिकल सहायता

“शारजाह से वाराणसी आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को अहमदाबाद में मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इससे विमान दो घंटे देरी से वाराणसी पहुंचा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान आईएक्स 184 ने अपने निर्धारित समय दोपहर 12:20 बजे वाराणसी के लिए उड़ान भरी। चार बजे के करीब विमान अहमदाबाद हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तभी विमान में सवार महिला यात्री बी. बानो को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई।
महिला को बेचैनी और घबराहट होने लगी। इसकी जानकारी क्रू मेंबर्स ने पायलट को दी। पायलट ने नजदीकी एयरपोर्ट अहमदाबाद के एटीसी से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने अनुमति देने के साथ ही अहमदाबाद में मेडिकल टीम को अलर्ट किया। लैंडिंग की अनुमति मिलने के बाद विमान शाम 4:30 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया।
“बीमार महिला यात्री और उसके साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री को मेडिकल टीम को सौंपा गया। शाम 5:40 बजे अहमदाबाद से विमान ने दोबारा उड़ान भरी और 7:50 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी के कारण शारजाह से वाराणसी आ रहे विमान को अहमदाबाद में लैंड कराना पड़ा। बीमार यात्री को उतारने के बाद विमान लगभग दो घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा।

Leave a Comment