तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – राजू भारती
मिर्जापुर – उत्तर प्रदेश
मिर्जापुर के सिटी विकास खंड स्थित अर्जुनपुर गांव में मां दुर्गा समिति द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा में नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान माता रानी के दर्शन के लिए पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।पंडाल को आकर्षक लाइटों, झालरों और फूल-मालाओं से सजाया गया था, जिससे मां की झांकी मनमोहक लग रही थी। समिति ने श्रद्धालुओं के बैठने की उचित व्यवस्था भी की थी।तीर्थ पुरोहित ने माता की पूजा-अर्चना और आरती संपन्न कराई। इस दौरान घंटा-घड़ियाल की ध्वनि से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा और भक्तों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाए।तीर्थ पुरोहित ने बताया कि नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है, जिनका रंग घने अंधकार के समान है। माता को मीठा भोग, विशेषकर मालपुआ, अति प्रिय है। उनकी आराधना से भक्तों को व्याधियों और शत्रुओं से मुक्ति मिलती है, साथ ही गांव और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।पूजा और आरती के बाद, समिति के कार्यकर्ताओं ने उपस्थित ग्रामीणों और भक्तों को प्रसाद वितरित किया। समिति के अध्यक्ष ने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी माता के दर्शन करने की अपील की है।






