तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र दुद्धी में दीपों के पर्व दीपावली के अवसर पर रविवार, दिनांक 19 अक्टूबर 2025 को क्षेत्र में एक हृदयस्पर्शी दृश्य उस समय देखने को मिला जब क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय स्वयं थाना दुद्धी क्षेत्र के ग्राम खजूरी (मलिन बस्ती) पहुंचे। यहाँ उन्होंने स्थानीय बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की तथा मिठाई, फल, दीपक और अन्य उपहार सामग्री वितरित कर सभी के चेहरों पर मुस्कान ला दी।इस दौरान क्षेत्राधिकारी श्री राय ने ग्रामीणों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और कहा कि “दीपावली का यह शुभ पर्व प्रेम, सद्भावना, एकता और प्रकाश का प्रतीक है। हमें इसे मिलजुलकर शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना चाहिए।” उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अनुरोध किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर-आँगन और आसपास स्वच्छता बनाए रखें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहकर दीप जलाएँ।उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित तबके के बीच खुशियाँ बाँटना ही दीपावली का असली आनंद है। जब उन्होंने बच्चों को उपहार पाकर हँसते हुए देखा तो कहा इन मासूम चेहरों की मुस्कान ही मेरे लिए दीपावली का सबसे बड़ा तोहफ़ा है।”इस मौके पर क्षेत्राधिकारी के साथ थाना दुद्धी के पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षा, स्वच्छता और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस सदैव जनसेवा के लिए तत्पर है, और किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा महसूस होने पर तुरंत पुलिस की मदद लें।क्षेत्राधिकारी की इस पहल की ग्रामवासियों ने जोरदार सराहना की। महिलाओं ने कहा कि यह पहला अवसर है जब किसी अधिकारी ने दीपावली जैसे उत्सव पर गाँव आकर बच्चों के साथ समय बिताया और उपहार दिए। गाँव के बुजुर्गों ने भी उनके इस मानवता से परिपूर्ण कदम को सराहा और शुभकामनाएँ दीं कि प्रशासन और जनता के बीच ऐसा सद्भाव हमेशा बना रहे।पुलिस विभाग की ओर से बताया गया कि दीपावली पर्व के अवसर पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ नियमित गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग की भी व्यवस्था की गई है, ताकि जनता निश्चिंत होकर पर्व मना सके।ग्राम खजूरी में मनाया गया यह दीपोत्सव न केवल बच्चों के लिए खुशी लेकर आया, बल्कि पूरे गाँव में एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश भी फैला गया। क्षेत्राधिकारी दुद्धी श्री राजेश कुमार राय की यह पहल क्षेत्र में पुलिस की सकारात्मक छवि और मानवीय दृष्टिकोण का उत्तम उदाहरण बन गई है।






