तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के भीतरी गांव के पास शनिवार की दोपहर श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में बच्चों समेत करीब 16 लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे।जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर जुगैल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध जिरही मंदिर में पूजन-अर्चन करने जा रहे थे। रास्ते में भीतरी गांव के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहन से निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन 13 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य में ग्रामीणों की मदद से पिकअप को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। अचानक हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की खराब स्थिति पर ध्यान देने और तीर्थ मार्गों पर ट्रैफिक सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की मांग की है






