आम आदमी पार्टी यूथ विंग के जिलाध्यक्ष बने शुभम् मिश्रा

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। आम आदमी पार्टी यूथ विंग में संगठन विस्तार की प्रक्रिया के तहत जिले में नई जिम्मेदारी का ऐलान किया गया है। प्रदेश महासचिव अंकित परिहार की अनुशंसा पर और प्रदेश नेतृत्व की सहमति से सोनभद्र यूथ विंग के जिलाध्यक्ष पद की कमान शुभम् मिश्रा को सौंपी गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके संगठनात्मक कौशल, जनसंपर्क के अनुभव और संघर्षशील छवि को देखते हुए यह निर्णय लिया है।प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश चौरसिया, प्रदेश सचिव राकेश भारतीय और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट संतोष त्यागी ने नए जिलाध्यक्ष शुभम् मिश्रा के नाम की घोषणा करते हुए भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में सोनभद्र यूथ विंग और अधिक सशक्त और सक्रिय रूप में कार्य करेगा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष (यूथ विंग) पंकज अवाना ने नवनियुक्त टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और संघर्ष से ही संगठन को मजबूती मिलेगी।गौरतलब है कि शुभम् मिश्रा पहले आम आदमी पार्टी में जिला उपाध्यक्ष और विधानसभा सचिव के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। चाहे वह विस्थापितों की समस्याएं हों, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना हो या बेरोजगारी और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर युवाओं को संगठित करना—शुभम् मिश्रा हर मोर्चे पर अग्रणी रहे हैं।पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठन में उनका योगदान हमेशा दृढ़ संकल्प और निष्पक्ष सेवा भावना से भरा रहा है। जिले में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और युवाओं को राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मानना है कि उनकी नियुक्ति से सोनभद्र में आम आदमी पार्टी की नई ऊर्जा और नई दिशा देखने को मिलेगी।नई जिम्मेदारी के बाद शुभम् मिश्रा ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आम जन और युवाओं की आवाज है, और वे जिले के हर कोने तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का कार्य पूरे समर्पण के साथ करेंगे। आगामी समय में यूथ विंग से लेकर जिला इकाई तक संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए वे विशेष अभियान चलाने की योजना बना रहे हैं।

Leave a Comment