तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र बभनी थाना क्षेत्र के आसनडीह ग्राम पंचायत के जोबेदह गांव में गुरुवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक मां ने पहले अपने 10 माह के मासूम बेटे को जलते चूल्हे में डालकर जला दिया, फिर खुद साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरी मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की जानकारी मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है।जानकारी के अनुसार मृतका का नाम राजपति (28 वर्ष) पत्नी पतिराज निवासी ढेंगरपानी थाना बसंतपुर, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़) बताया गया है। वह गुरुवार को ही अपने ससुराल ढेंगरपानी से मायके जोबेदह आई थी। रात में परिवार के सभी सदस्य भोजन के बाद सोने चले गए। राजपति अपने 10 माह के छोटे बेटे के साथ एक कमरे में सोने चली गई, जबकि लगभग 5 वर्ष का बड़ा बेटा अपने मामा के साथ दूसरे कमरे में सोया।मृतका के पिता ने बताया कि रात में जब सब लोग गहरी नींद में थे, तभी राजपति ने पहले अपने छोटे बेटे को जलते चूल्हे में डाल दिया। इसके बाद कमरे के अंदर साड़ी का फंदा बनाकर बडेर में फांसी लगा ली। सुबह जब घर के लोग उठे तो दरवाजा बंद देखकर शंका हुई। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। मां और बेटे की दर्दनाक मौत देखकर घर में कोहराम मच गया।चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। गांव में मातम छा गया। लोगों ने बताया कि घटना बेहद विचलित करने वाली है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अगर बड़ा बेटा मां के साथ उस कमरे में होता तो शायद वह भी जिंदा नहीं बचता।सूचना पर बभनी थाने के सब इंस्पेक्टर मयफोर्स मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है।






