विंढमगंज में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। विंढमगंज थाना अंतर्गत मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उप निरीक्षक शेषनारायण पाण्डेय के नेतृत्व में यह कार्यक्रम विंढमगंज मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और छात्राएं सम्मिलित हुईं।उप निरीक्षक पाण्डेय ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को नारी सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की अनुचित घटना या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करना चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), 102 व 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1098 (बाल सहायता), 101 (दमकल सेवा) तथा 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन)।कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा पंपलेट वितरित कर महिलाओं को आत्मरक्षा एवं जागरूकता का संदेश भी दिया गया। उप निरीक्षक पाण्डेय ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हर क्षेत्र में सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है, ताकि वे समाज में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर निडरता से आगे बढ़ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा गांव-गांव जाकर महिलाओं को न केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण और जनसंवाद कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने आत्मरक्षा एवं सुरक्षा से जुड़ी जानकारियों को गंभीरता से सुना और इस पहल के लिए पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। महिलाओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में भी नारी सशक्तिकरण की भावना को नई ऊर्जा मिल रही है।मौके पर थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामवासी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment