तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र।जनपद सोनभद्र में शुक्रवार का दिन महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के नाम रहा, जब प्रदेश के मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “मिशन शक्ति” अभियान के तहत महिला पुलिस कर्मियों को 25 नई स्कूटी प्रदान कर हरी झंडी दिखाते हुए रवाना किया। पूरा कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और empowerment का संदेश देता नज़र आया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित, सक्षम और संवेदनशील बनाने का संकल्प है।”इसके साथ ही सीएम ने मंच से यह भी स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में हर बेटी सुरक्षित है, और हर अपराधी के मन में कानून का डर होना ही चाहिए।कार्यक्रम स्थल पर महिला पुलिस कर्मियों के चेहरे पर उत्साह देखने लायक था। नई स्कूटियों की चाभी मिलते ही एक–एक कर सभी फोर्स सदस्य स्कूटी पर सवार हुईं और मुख्यमंत्री के संकेत पर पूरे विश्वास, दमखम और अनुशासन के साथ रवाना हुईं। मौके पर मौजूद लोगों ने इस क्षण को मोबाइल कैमरों में कैद कर तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।सीएम योगी ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षा देना है, बल्कि उन्हें नेतृत्व और दायित्व निभाने के अवसर प्रदान करना भी है। स्कूटी मिलने से अब महिला पुलिस कर्मियों की गश्त तेज़, प्रभावी और और अधिक सुलभ होगी, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बनेगी।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। सोनभद्र प्रशासन ने भी मुख्यमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि स्कूटी मिलने से महिला बीट पुलिसिंग, महिला हेल्प डेस्क और जनसंपर्क कार्यों को गति मिलेगी।महिला पुलिस कर्मियों ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से उन्हें न केवल काम में आसानी होगी बल्कि आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी। मिशन शक्ति के तहत यूपी सरकार द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों का यह एक और मजबूत कदम साबित होगा।






