दुद्धी पुलिस की बड़ी कामयाबी: 1 करोड़ 35 लाख की अवैध शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

तेज एक्सप्रेस न्यूज – इब्राहिम खान /किरण साहनी

सोनभद्र। यातायात माह एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में दुद्धी पुलिस टीम ने 23 नवम्बर को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया।मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना (बिहार) से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर थाना दुद्धी पुलिस ने रेणुकूट–दुद्धी मार्ग पर ग्राम कादल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक (संख्या RJ 09 GE 6492) को रोककर जांच की। तलाशी लेने पर ट्रक में छिपाकर रखी गई 680 पेटी (कुल 15120 बोतलें) यानी 6085.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब (मैकडावल नं.1 एवं इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की ब्राण्ड) बरामद की गई। जब्त शराब व ट्रक की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने मौके से ट्रक चालक बभूता राम निवासी उत्तरी डेर रेडाना, थाना रामसर, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि ट्रक स्वामी संजय सिंह देवड़ा (निवासी रतलाम/चित्तौड़गढ़, राजस्थान) के निर्देश पर पंजाब से अवैध शराब लादकर बिहार भेजी जा रही थी। शराब की पेटियों को छुपाने के लिए ट्रक में ऊपर धान की भूसी और लकड़ी के बुरादे लादे गए थे। वहीं, ट्रक स्वामी ने चालक को चावल की बिल्टी दस्तावेज उपलब्ध कराए थे ताकि चेकिंग के समय ट्रक को सामान्य मालवाहक बताकर धोखा दिया जा सके।अभियुक्त ने आगे खुलासा किया कि शराब बिहार में डिलीवर की जानी थी और डिलीवरी स्थल की जानकारी फोन के माध्यम से दी जानी थी। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद शराब के वास्तविक बारकोड को हटा कर नकली बारकोड लगाए गए थे ताकि पहचान न हो सके। बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण वहाँ अवैध शराब की ऊँची कीमत पर बिक्री होती है, जिससे तस्करों को भारी मुनाफा मिलता है। अभियुक्त इससे पहले भी उसी ट्रक स्वामी के कहने पर कई बार अवैध शराब की खेप बिहार पहुंचा चुका है।इस संबंध में थाना दुद्धी पर मुकदमा अपराध संख्या 293/2025 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस एवं 60/63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दूसरे अभियुक्त ट्रक स्वामी संजय सिंह देवड़ा की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।बरामद सामग्री में 680 पेटियां (15120 बोतलें) यानी लगभग 6085.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, अशोक लीलैंड ट्रक (संख्या RJ 09 GE 6492), एक एंड्रॉयड मोबाइल, 10,200 रुपये नकद और चार कूटरचित दस्तावेज शामिल हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी अभियान में उ.नि. हरिकेश राम आजाद (प्रभारी चौकी कस्बा दुद्धी), उ.नि. जयशंकर राय (प्रभारी चौकी अमवार), उ.नि. श्यामजी सिंह यादव, हे.का. सर्वेश कुमार सिंह, हे.का. मोहम्मद खालिद खान, हे.का. लक्ष्मण शंकर यादव व का. आनंद कुमार यादव की टीम शामिल रही।

Leave a Comment