ध्वनि प्रदूषण और नियमों को चुनौती देने वालों पर पुलिस का बड़ा प्रहार

IMG-20251201-WA0001

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के बाद जनपद में यातायात माह नवम्बर-2025 के दौरान एक बड़े स्तर पर सड़क सुरक्षा को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस द्वारा की गई इस संयुक्त कार्रवाई में उन वाहन चालकों पर कड़ी निगरानी रखी गई जो यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़क पर खतरा और शोर का वातावरण पैदा कर रहे थे।अभियान के दौरान विशेष फोकस उन बुलेट मोटरसाइकिलों पर रहा जिनमें तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर ध्वनि प्रदूषण फैलाया जा रहा था। पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को चिन्हित किया और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया।पुलिस की इस मुहिम के परिणामस्वरूप कुल 68 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। इन सभी को आज दिनांक 30 नवम्बर 2025 को अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बढौली चौराहे पर जेसीबी द्वारा विधिवत नष्ट कराया गया। साइलेंसरों को नष्ट करने की यह प्रक्रिया जनता के बीच संदेश देने के उद्देश्य से खुले रूप में की गई, ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करने के महत्व को समझ सकें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कठोर कार्रवाई के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना,आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना।जनपद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वाहन में अनावश्यक मॉडिफिकेशन करना न केवल अवैध है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी बनता है। भविष्य में भी ऐसे वाहनों और चालकों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।सोनभद्र पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनधिकृत बदलावों से बचें, और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

About the Author

Leave a Reply