डिबुलगंज में सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा टला, युवक गंभीर रूप से झुलसा

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। अनपरा थाना क्षेत्र के डिबुलगंज में शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई, लेकिन परिवार की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। नाश्ता बनाने के दौरान सिलेंडर से तेज धमाके की आवाज आई और आग की लपटें घर के किचन में फैल गईं। आग बुझाने की कोशिश में जुटे युवक इम्तियाज़ खान गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें पहले संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।डिबुलगंज के भगतसिंह नगर निवासी रहिस खान के घर उनकी बहू रोज की तरह नाश्ता तैयार कर रही थीं, तभी गैस सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली। उस समय बहू की मौजूदगी ने बड़ा नुकसान होने से बचा लिया। आग लगते ही वह चींख-चींख कर मदद के लिए आवाज़ लगाने लगीं, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया।बहू की आवाज सुन कर इम्तियाज़ खान मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन अचानक सिलेंडर से और तेज़ी से आग फूटी और वे आग की चपेट में आ गए। घर के सदस्य हिम्मत दिखाते हुए जलते सिलेंडर को किचन से बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। सिलेंडर कई घंटे तक धुआं उड़ाता रहा, लेकिन स्थानीय अग्निशमन विभाग की टीम घटना स्थल पर नहीं पहुंच सकी।इम्तियाज़ खान ने बताया कि चाय बनाकर गैस बंद करने के कुछ समय बाद ही गैस रेगुलेटर से तेज रिसाव शुरू हो गया था। जब वे उसे ठीक करने गए तो अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि आग बुझाने में दो से तीन घंटे का वक्त लग गया। इस हादसे में घर के वाशिंग मशीन, टीवी, फ्रिज समेत कई घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और अग्निशमन विभाग की सुस्ती पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बावजूद भी अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर समय पर नहीं पहुंची, जिससे अगर आग थोड़ी और फैलती तो एक बड़ा विस्फोट हो सकता था। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा के और बेहतर इंतजाम की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं टाली जा सकें।यह घटना स्थानीय प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास पर भी छाया छोड़ गई है और आग सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।

Leave a Comment