तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/चोपन ऑल इंडिया SC/ST रेलवे एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AISCSTREA) के धनबाद मंडल के मंडल पदाधिकारी ने मंगलवार को चोपन का दौरा कर संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने चोपन शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की।चोपन पहुंचने पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने मंडल पदाधिकारी का जोरदार स्वागत किया। एससी/एसटी ऑफिस, चोपन में उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंडल पदाधिकारी ने एससी/एसटी वर्ग से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और एक-एक मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।मंडल पदाधिकारी ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी सभी जायज समस्याओं को मंडल स्तर पर होने वाली PNM (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक में संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।इसके साथ ही उन्होंने नवनिर्वाचित चोपन शाखा के कार्यों की सराहना करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, नियमों और संगठन की भूमिका के प्रति जागरूक करते हुए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में चोपन शाखा के सचिव मनीष कुमार, अध्यक्ष एस.के. भारती, कोषाध्यक्ष सूर्यकांत सहित महेश प्रसाद, दिलीप, गोविंद, विपिन, विनय, गोल्डन, दीपक, सनोज, संजीव, बृजभान व संगठन के अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने मंडल पदाधिकारी के दौरे को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में एकजुटता और संघर्ष के संदेश के साथ आयोजन का समापन हुआ, जिससे कर्मचारियों में नई उम्मीद और आत्मविश्वास देखने को मिला।






