
तेज़ एक्सप्रेस न्यूज़ – गाजीपुर
संवाददता प्रदीप दुबे
गाजीपुर जनपद मुख्यालय से चालीस किलोमीटर दूर गंगा गोमती नदियों के संगम के करीब वाराणसी सीमा पर सिधौना गांव के सिद्ध भूमि पर बसा सिद्धेश्वर महादेव धाम स्थित है। महान संत पवहारी बाबा के हाथों प्राण प्रतिष्ठा किया गया सिध्देश्वर शिवलिंग आज भी लोगों के मनोकामना पूर्ण करने का मनोरम स्थल बना हुआ है। उन्नीसवीं शताब्दी के परम तपस्वी एवं संत पवहारी बाबा देश भ्रमण के बाद काशी से गंगा मार्ग होते हुए गाजीपुर लौटते समय कैथी स्थित गंगा गोमती के संगम तट पर रात्रि विश्राम करने के लिए रुके थे। रात्रि में देखे गए स्वप्नानुसार भोर में संगम स्नान के समय बाबा को पतित पावनी मां गंगा की गोंद से एक दिव्य शिवलिंग प्राप्त हुआ। जिसे अपने दोनों हाथों में लेकर पवहारी बाबा पश्चिम दिशा में गोमती नदी के किनारे किनारे पैदल ही चल दिये। बाबा को भगवतकृपा से निर्देश प्राप्त हुआ था कि सूर्य की पहली किरण निकलते ही उसी स्थान पर शिवलिंग स्थापित कर दी जाएगी। संगम से कुछ दूर चलते ही जैसे ही सूर्योदय की स्वर्णिम लालिमा की पहली किरण निकली वैसे ही पवहारी बाबा ने सिद्ध स्थान देखकर उस शिवलिंग को वहीं स्थापित कर दिया। कालांतर में वह जगह सिधौना गांव के नाम से प्रसिद्ध हुआ। ऊंचे स्वर्ण शिखर वाले तीन मंजिला मंदिर के पास ही पवहारी बाबा के अनन्य शिष्य स्वामी विवेकानंद जी का आमद कद मूर्ति एवं विवेकानंद पार्क स्थित है जहां प्रतिदिन बुजुर्गों द्वारा योगाभ्यास किया जाता है।






