डीएम के आदेश को ठेंगा! शिकायत की कीमत चुकाई खून से, स्कूल प्रबंधक पर जानलेवा हमले का आरोप

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।कोन
जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेशों की अवहेलना कर शीतलहर व कड़ाके की ठंड में स्कूल संचालन पर सवाल उठाना एक छात्र परिवार को भारी पड़ गया। कोन थाना क्षेत्र के कचनारवा गांव स्थित आदर्श पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक पर शिकायतकर्ता के पिता पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा है।
बीए प्रथम वर्ष के छात्र ब्रह्म प्रकाश त्रिपाठी ने जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद विद्यालय खुले होने का वीडियो बनाकर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज़ विद्यालय प्रबंधक धनंजय तिवारी ने बदले की भावना से छात्र के पिता रामपियुष त्रिपाठी पर हमला कर दिया।
बताया गया कि कचनारवा बाजार में कहासुनी के बाद प्रबंधक ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला किया, जिससे रामपियुष त्रिपाठी का सिर फट गया और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची कोन थाना पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या शिकायत करना अब अपराध बनता जा रहा है? और क्या प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कानून का शिकंजा कसेगा?

Leave a Comment