नशीली दवाओं पर बड़ा एक्शन! मांगो में मेडिकल स्टोर पर छापा, दो संदिग्ध नमूने सीज

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी महोदय एवं सहायक आयुक्त (औषधि) विंध्याचल मंडल के निर्देश पर गुरुवार को मांगो तेंदु स्थित ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर पर औचक निरीक्षण व छापेमारी की गई।
औषधि निरीक्षक के पहुंचते ही आसपास के कई मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। ऐसे दुकानदारों को विभाग की ओर से कड़ी चेतावनी जारी की गई है।
निरीक्षण के दौरान ओम शिव महिमा मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर मौके पर उपस्थित पाए गए। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर द्वारा कई दवाओं के क्रय-विक्रय बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर निरीक्षण आख्या तैयार कर सहायक आयुक्त औषधि को प्रेषित की जा रही है। संबंधित मेडिकल स्टोर को नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
जांच के दौरान नशीले उपयोग की आशंका वाली दो दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना नशे में प्रयुक्त होने वाली दवाओं की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मेडिकल स्टोर पर मौजूद लोगों एवं आसपास के नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने का संदेश दिया जा सके।
दिनांक : 08-01-2026
भवदीय
(राजेश कुमार मौर्य)
औषधि निरीक्षक
सोनभद्र

Leave a Comment