सड़क हादसों पर लगाम के लिए सोनभद्र पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान

IMG-20260119-WA0016

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल नेतृत्व में जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान क्षेत्राधिकारी यातायात के निर्देशन में जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अचानक संचालित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य मोटरसाइकिल चालकों द्वारा विपरीत दिशा में वाहन संचालन के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने विशेष रूप से रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों, थार एवं सफारी जैसे वाहनों द्वारा की जा रही स्टंटबाजी, वाहनों पर लगे अवैध पास, अनधिकृत हूटर एवं सायरन की गहन जांच की।जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की गई तथा कई वाहनों का चालान भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक के लिए बल्कि आमजन के लिए भी खतरा बनती है। ऐसे में भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
जनपद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें, निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं और अवैध हूटर-सायरन का प्रयोग न करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

About the Author

Leave a Reply