तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र/04 फरवरी 2026।
आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में सम्पूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारम्भ विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर विधायक भूपेश चैबे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने किया। इस अवसर पर जनपद एवं ब्लॉक स्तर के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने उपस्थित अधिकारियों को सम्पूर्णता अभियान की प्रतिज्ञा दिलाई और अभियान से जुड़े सभी सूचकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भौतिक संरचनाओं से जुड़े सूचकों को जियो-टैग्ड फोटो सहित प्रमाणित करें और 31 मार्च 2026 तक सभी लक्षित सूचकों की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करें।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत जनपद स्तर पर 5 तथा ब्लॉक स्तर पर 6 कुल 11 सूचकों को संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नीति आयोग द्वारा संचालित यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि जैसे अहम क्षेत्रों में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करना है।आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत जिन प्रमुख सूचकों को संतृप्त किया जाना है, उनमें जन्म के समय शिशुओं का वजन पंजीकरण, टीबी केस नोटिफिकेशन दर, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) का आयोजन, पशुओं का टीकाकरण तथा सक्रिय बालिका शौचालय वाले विद्यालयों का प्रतिशत शामिल है।वहीं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (चतरा) के तहत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित अनुपूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की मापन दक्षता, सक्रिय शौचालय एवं पेयजल सुविधा युक्त आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालयों में बालिका शौचालय सुविधा तथा एफएमडी के अंतर्गत गोवंश व पशुओं के टीकाकरण जैसे सूचकों को लक्ष्य बनाया गया है।
सदर विधायक भूपेश चैबे ने कहा कि आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम सोनभद्र के विकास में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोनभद्र प्रदेश का पहला जनपद है जहाँ सभी परिषदीय विद्यालयों में छात्रों के लिए बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। यह अभियान अधिकारियों के लिए जनपद और जनहित में कार्य करने का एक सुनहरा अवसर है।
जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने सम्पूर्णता अभियान 1.0 में 6 में से 5 सूचकों की सफल संतृप्ति पर नीति आयोग से प्राप्त सिल्वर मेडल के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी और अभियान 2.0 में सभी 11 सूचकों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया।






