राज्य महिला आयोग की सदस्य ने वन स्टॉप सेंटर महिला बंदीगृह व जिला संयुक्त चिकित्सालय का किया निरीक्षण

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र/04 फरवरी 2026।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा द्वारा बुधवार को जनपद सोनभद्र में स्थित वन स्टॉप सेंटर, जिला कारागार के महिला बंदीगृह तथा जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला पीड़ितों एवं महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण की शुरुआत वन स्टॉप सेंटर से की गई, जहां केंद्र में आने वाली महिला पीड़ितों को दी जा रही परामर्श, चिकित्सा, कानूनी सहायता एवं अस्थायी आवास संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को सभी सेवाएं समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ उपलब्ध कराई जाएं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए भरोसे का केंद्र है और यहां सेवाओं की गुणवत्ता के साथ मानवीय दृष्टिकोण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
इसके पश्चात जिला कारागार स्थित महिला बैरक का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया गया। महिला आयोग की सदस्य ने महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान हेतु निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला बंदियों को सभी मूलभूत सुविधाएं नियमानुसार एवं समय से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, साफ-सफाई, पौष्टिक भोजन एवं परामर्श सेवाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, पंजीकरण व्यवस्था एवं उपचार प्रक्रिया की समीक्षा की गई। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। विशेष रूप से महिला मरीजों को दी जा रही सुविधाओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती यादव, पुलिस विभाग के कार्मिक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment