तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। भाजपा के जिला कार्यालय पर शनिवार को केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में सदर विधायक भूपेश चौबे ने इसे विकसित भारत 2047 की दिशा में ऐतिहासिक और निर्णायक कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, श्रमिक एवं मध्यम वर्ग की जरूरतों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो देश के हर वर्ग को मजबूत बनाने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक चौबे ने बजट के प्रमुख आंकड़ों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 का कुल बजट 53 लाख करोड़ रुपये का है। इसमें पूंजीगत व्यय के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है, जबकि राजकोषीय घाटे (फिस्कल डेफिसिट) को 4.3 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह आर्थिक अनुशासन और विकास की गति को बनाए रखने का प्रमाण है।शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम
बजट में शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए 1,39,289 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। विधायक ने कहा कि औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक कॉरिडोर के आसपास यूनिवर्सिटी टाउनशिप विकसित की जाएंगी। साथ ही विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग एवं गणित (स्टेम) क्षेत्रों में बालिकाओं के लिए विशेष छात्रावास बनाए जाएंगे, जिससे लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। जिला अस्पतालों में इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर सुविधाओं का 50 प्रतिशत विस्तार होगा। तीन नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब तथा 1000 निजी मेडिकल कॉलेजों में ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 15 लाख केयरगिवर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विधायक ने बताया कि कैंसर की 17 दवाओं और सात गंभीर बीमारियों की दवाओं पर कर समाप्त कर इन्हें सस्ता बनाया गया है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।नारी सशक्तिकरण और गरीबी उन्मूलन पर फोकस
नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में बालिका छात्रावास बनाए जाएंगे। पांच लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है तथा महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने वाली योजनाएं लागू होंगी। गरीबी उन्मूलन के लिए ‘विकसित भारत ग्राम’ योजना में 1.51 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 54,916.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शहरी एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत श्रमिकों, गिग वर्कर्स एवं घरेलू कामगारों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।विधायक चौबे ने कहा कि यह बजट न केवल आर्थिक विकास को गति देगा, बल्कि सामाजिक न्याय को भी सुनिश्चित करेगा। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्द लाल, अनूप तिवारी, बृजेश श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।






