तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बीजपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जिले से जिला बदर किए गए टॉप-टेन अपराधी और कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बकरहिवा मोड़ से की गई, जहां वह चोरी-छिपे जिले में मौजूद था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रंजीत सिंह को उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत जनपद से जिला बदर किया गया था। उसे एक निश्चित अवधि तक सोनभद्र जिले की सीमा में प्रवेश करने पर सख्त पाबंदी थी, लेकिन कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए वह अवधि पूरी होने से पहले ही जिले में घूमता पाया गया।बीजपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिला बदर अपराधी क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर बकरहिवा मोड़ से उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद जब दस्तावेजों की जांच की गई तो उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए, जिसके चलते उसे पहले ही टॉप-टेन अपराधियों की सूची में शामिल किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिला बदर होने के बावजूद जिले में प्रवेश करना कानूनन गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है और आम जनता ने राहत की सांस ली है।
बीजपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।






