लाइफ लाइन बनी सड़क ही बनी मौत का रास्ता, भाकपा ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनीसोनभद्र।पटवध–बसुहारी सड़क के निर्माण में हो रही लगातार देरी और अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने सांकेतिक प्रदर्शन कर शासन–प्रशासन को कड़ा संदेश दिया। भाकपा ब्रांच कमेटी कनछ की पूर्व निर्धारित बैठक कामरेड बंधू गोड़ (पूर्व प्रधान, कनछ) की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें पार्टी के जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा तथा खेत मजदूर यूनियन के नेता कामरेड अमरनाथ सूर्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने पार्टी संगठन की मजबूती के साथ-साथ क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान पटवध–बसुहारी मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। बैठक के बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने समर्थन में उतरते हुए निर्माणाधीन सड़क पर करीब आधे घंटे तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और शासन–प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने कहा कि पटवध–बसुहारी मार्ग नक्सल प्रभावित दर्जनों गांवों के लिए एकमात्र लाइफ लाइन है, जिस पर रोज़ सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन होता है। यही नहीं, इसी मार्ग से होकर सोनभद्र के प्रसिद्ध देवी स्थल अमिला भवानी के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते-जाते हैं। सरकार जहां एक ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं को खराब सड़क की वजह से भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री की पत्नी एवं चोपन ब्लॉक प्रमुख इसी क्षेत्र से प्रतिनिधित्व करती हैं, तब भी यह सड़क सालभर में पूरी क्यों नहीं हो सकी? लोगों ने इसे सीधे तौर पर भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि खराब सड़क की वजह से आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो गया है, एम्बुलेंस तक गांवों में नहीं आ पा रही है, जिससे ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ रही है।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकपा जिला सचिव कामरेड आर.के. शर्मा ने कहा कि भाकपा आज केवल सांकेतिक प्रदर्शन कर चेतावनी दे रही है। यदि जल्द ही निर्माण सामग्री, गुणवत्ता की जांच कर सड़क निर्माण में तेजी नहीं लाई गई और कार्य पूर्ण नहीं कराया गया, तो भाकपा ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगी।भाकपा नेताओं ने यह भी घोषणा की कि 12 फरवरी को श्रमिक संगठनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कौंसिल, जनपद की विभिन्न जटिल समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान प्रमुख रूप से कामरेड प्रेमचंद गुप्ता, हृदय नारायण गुप्ता, कामरेड बूटन प्रसाद, योगेन्द्र चंद्रवंशी, नागेंद्र कुमार, गजानंद, राम शकल भारती, रामचंद्र यादव, रामनाथ गुप्ता, विजय कुमार, संजू मदेशिया और विनोद गिरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment