त्योहारों से पहले ओबरा में पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, सेक्टर-10 कॉलोनी में हुआ भव्य मार्क ड्रिल

तेज एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

ओबरा (सोनभद्र)। आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए ओबरा पुलिस ने सेक्टर-10 कॉलोनी में भव्य मार्क ड्रिल (फ्लैग मार्च) कर अपनी तैयारी और मुस्तैदी का दम दिखाया। सायरन बजाती पुलिस गाड़ियों और भारी संख्या में तैनात जवानों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का मजबूत संदेश गया।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक व पुलिस बल ने पैदल गश्त करते हुए मुख्य मार्गों, गलियों और चिन्हित संवेदनशील स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग, अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट डालने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी। डायल-112 और स्थानीय पुलिस टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।
फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल स्पष्ट रूप से नजर आया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों से पहले ऐसे शक्ति प्रदर्शन से असामाजिक तत्वों में खौफ और आमजन में विश्वास बढ़ता है।
पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि जनसहयोग से ही त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

Leave a Comment