कोयला व्यवसायी पर जानलेवा हमला, अज्ञात कार सवार बदमाशों ने कुचलने का किया प्रयास

तेज एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

सोनभद्र। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। नगर के एक कोयला व्यवसायी पर अज्ञात कार सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा और थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार पुरब मोहाल निवासी रोहित गुप्ता पुत्र शीतला प्रसाद गुप्ता बीती देर रात कोयला व्यवसाय के सिलसिले में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर उरमौरा की ओर गए थे। वापस लौटते समय उनकी कार के समीप एक संदिग्ध कार आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार बदमाशों ने उनके वाहन का शीशा तोड़ दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि वह भयभीत होकर वहां से आगे निकल गए, लेकिन बदमाशों ने पीछा नहीं छोड़ा। जैसे ही वह कीर्ति पाली हॉस्पिटल के समीप पहुंचे, कार सवार हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें जबरन वाहन से बाहर निकाला और अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर आसपास हलचल हुई, जिसके बाद हमलावरों ने मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से भयभीत पीड़ित किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिला पाती है।

Leave a Comment