सोनभद्र में सनसनीखेज घटना: चोपन पुल से युवती ने लगाई नदी में छलांग, गंभीर रूप से घायल

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद के चोपन थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में सोन नदी पर बने चोपन पुल से अचानक छलांग लगा दी। घटना को देखकर पुल से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय लोग युवती को बचाने के लिए नदी की ओर दौड़ पड़े।
बताया जा रहा है कि नदी में इस समय पानी का स्तर काफी कम है, जिसके कारण पुल से गिरने के बाद युवती को गंभीर चोटें आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए तुरंत नीचे उतरकर उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को नदी से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। युवती की पहचान ज्योति के रूप में बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती ने पुल से छलांग क्यों लगाई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और युवती के परिजनों से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
चोपन थाना प्रभारी ने बताया कि युवती का इलाज चल रहा है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
इस घटना के बाद पुल पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ लग गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर यातायात को सामान्य कराया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता के कारण समय रहते युवती की जान बचाई जा सकी।

Leave a Comment