तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
ओबरा (सोनभद्र)। औद्योगिक नगरी ओबरा के लिए यह पल गर्व और गौरव से भरा हुआ है। चोपन रोड निवासी होनहार बेटी सुश्री श्रुति ओला ने अपनी अथक मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयनित होकर पूरे जनपद सोनभद्र का नाम रोशन कर दिया है। ओबरा के इतिहास में यह दूसरा अवसर है जब यहां की किसी प्रतिभा ने देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। जैसे ही श्रुति की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर नगरवासियों तक पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और लोगों ने इसे ओबरा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
श्रुति ओला के नगर आगमन पर ओबरा में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। नगर के प्रमुख मार्गों पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सबसे पहले उन्होंने नगर के प्रसिद्ध आस्था केंद्र माँ शारदा शक्ति पीठ पहुंचकर माता के चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद परिजनों, मित्रों और नगरवासियों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सामाजिक प्रगति परिषद के अध्यक्ष संकट मोचन झा एवं आयोजक अरविंद सोनी, साथ ही किड्स केयर के अध्यापक कुमार सौरव ने श्रुति ओला के घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रुति की यह सफलता ओबरा के हर उस छात्र-छात्रा के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रुति ओला ने यह साबित कर दिया है कि यदि व्यक्ति में दृढ़ निश्चय, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो, तो कोई भी मुकाम दूर नहीं होता। श्रुति की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है।
स्वागत समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों और शुभचिंतकों ने एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर श्रुति ओला को प्रभु श्री राम का चित्र भेंट कर उनके सफल, ईमानदार और जनहितकारी प्रशासनिक सेवाकाल की कामना की गई। पुष्पगुच्छ और मालाओं के साथ उनका अभिनंदन करते हुए नगरवासियों ने कहा कि श्रुति ने ओबरा का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।नगरवासियों ने भावुक होते हुए कहा कि आज ओबरा की यह बेटी केवल अपने परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे नगर की शान बन गई है। सोशल मीडिया से लेकर नगर की सड़कों तक हर तरफ उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। युवा वर्ग विशेष रूप से श्रुति की सफलता से बेहद उत्साहित नजर आया और इसे अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा बताया।
श्रुति ओला की यह उपलब्धि केवल एक पद प्राप्त करने की कहानी नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, मेहनत और सपनों को साकार करने की प्रेरणादायक मिसाल है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि छोटे शहरों और सीमित संसाधनों से निकलकर भी देश की सर्वोच्च सेवाओं तक पहुंचा जा सकता है।
आज पूरा ओबरा नगर अपनी इस होनहार बेटी पर गर्व महसूस कर रहा है और सभी की यही कामना है कि श्रुति ओला अपने प्रशासनिक सेवाकाल में ईमानदारी, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।
ओबरा की बेटी श्रुति ओला को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।






