तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार
दुद्धी सोनभद्र।आज शनिवार की दोपहर लगभग 1 बजे दुद्धी को जिला बनाओं की पुरानी मांग को लेकर अधिवक्ताओं और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कचहरी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं व कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से दुद्धी को शीघ्र जिला घोषित करने की मांग की।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की आवाज पिछले कई दशकों से उठ रही है। समिति द्वारा अब तक 30 घंटे का आमरण भूख हड़ताल, 20 किलोमीटर पैदल यात्रा और कई चरणों में धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है। उनका कहना रहा कि दुद्धी जिला बनने के सभी मानकों पर खरा उतरता है और यहां से प्रदेश सरकार को भारी भरकम राजस्व की प्राप्ति भी होती है। इसके बावजूद दुद्धी को अब तक जिला घोषित नहीं किया गया।
मोर्चा पदाधिकारियों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्र और प्रदेश स्तर के कई मंत्री और राजनीतिक नेताओं ने दुद्धी को जिला बनाने का वादा किया था। लोगों का कहना है कि चुनावी वायदे को निभाते हुए अब सरकार को विकास की राह प्रशस्त करने के लिए दुद्धी को जिला घोषित करना चाहिए।
प्रदर्शन में प्रेमचन्द यादव,सिविल बार संघ अध्यक्ष प्रभु सिंह कुशवाहा,दुद्धी बार संघ नवनिर्चित अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ,विष्णुकांत तिवारी,राकेश श्रीवास्तव ,हरनाम सिंह ,प्रेम चन्द्र गुप्ता,संतोष कुमार,अमरावती देवी, ,सूर्यकांत तिवारी ,राकेश अग्रहरि ,राकेश मद्धेशिया ,आशीष गुप्ता,अशोक गुप्ता ,अभिनव जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता संघ और मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।नारेबाजी के दौरान कचहरी परिसर में माहौल पूरी तरह आंदोलनी रंग में दिखाई दिया।
मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।






