तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। जनपद में हजारों गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना अब तेजी से साकार होता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत सोमवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए जिले के 3791 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से अनुदान की धनराशि सीधे ट्रांसफर कर दी गई। धनराशि मिलते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी।प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान Yogi Adityanath ने एक क्लिक के माध्यम से प्रदेश के करीब 90 हजार लाभार्थियों के खातों में लगभग 1000 करोड़ रुपये की धनराशि स्थानांतरित की। इस पहल से हजारों परिवारों को अपने घर के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में बड़ी राहत मिली है।
सोनभद्र जिले में भी इस योजना का व्यापक लाभ देखने को मिल रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के जिन परिवारों के पास पक्का मकान नहीं था, उनके लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है। अब धनराशि खाते में आने के बाद लाभार्थी अपने अधूरे घरों को पूरा करने और नए मकान का निर्माण तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी गरीब परिवार कच्चे या जर्जर मकान में रहने को मजबूर न हो। इसी लक्ष्य के तहत लगातार आवास योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों तक मदद पहुंचाई जा रही है। जिले में लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा लगातार निगरानी भी की जा रही है।
लाभार्थियों ने सरकार की इस पहल पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से पक्के घर का सपना देख रहे थे, जो अब धीरे-धीरे पूरा होता नजर आ रहा है। कई परिवारों ने बताया कि पहले आर्थिक तंगी के कारण घर बनवाना संभव नहीं था, लेकिन अब सरकारी सहायता से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आने वाला है।
सरकार का दावा है कि आने वाले समय में भी पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने का अभियान जारी रहेगा, ताकि हर जरूरतमंद को सबका साथ, सबका विकास होता रहे ।






