सोनभद्र में रफ्तार का कहर: कोयला लदा ट्रेलर बना मौत का कारण, 20 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत

IMG-20260318-WA0020

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। जनपद में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शक्तिनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शक्तिनगर थाना अंतर्गत मिसिरा ग्राम पंचायत के पास शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि कोयला लदा ट्रेलर तेज गति से सड़क पर गुजर रहा था, तभी उसने सामने से आ रही युवती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान अर्चना पाण्डेय (20 वर्ष), पुत्री रवि शंकर पांडेय, निवासी स्थानीय क्षेत्र के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में दुर्घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया और कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
सूचना पाकर शक्तिनगर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

About the Author

Leave a Reply