सोनभद्र में ‘नव निर्माण के 9 वर्ष’ पर भव्य आयोजन, विकास योजनाओं की प्रदर्शनी और लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ

IMG-20260318-WA0021

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र
उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को एक भव्य एवं बहुआयामी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी के अवलोकन से हुई। समाज कल्याण, स्वास्थ्य, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, डूडा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण सहित अनेक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। साथ ही, सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने बड़े ध्यान से देखा।
कलेक्ट्रेट सभागार में योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लखनऊ से सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के विचारों को सुना और प्रदेश के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए गए। इनमें कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना, वृद्धा पेंशन, मुख्यमंत्री युवा योजना, ग्रामीण आवास योजना, शादी अनुदान योजना, सोलर पंप वितरण सहित अनेक योजनाएं शामिल रहीं। दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल भी वितरित की गई, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश में चल रही योजनाओं को जनकल्याण के लिए मील का पत्थर बताया। वहीं सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास, पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने भी अपने संबोधन में कहा कि सरकार हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है, जिससे समाज के हर व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पी.के. राय सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन साधना मिश्रा द्वारा किया गया।

About the Author

Leave a Reply