तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र
जनपद सोनभद्र में नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए रायपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह एक संगठित तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया। दरमा पहाड़ी मोड़ के पास चल रही सघन चेकिंग के दौरान टीम ने 107 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सुबह के समय की गई जब संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान टीम को कुछ वाहनों पर शक हुआ। तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद मौके पर ही तीन आरोपियों—इन्दल यादव, लवकुश यादव और रंजीत यादव को हिरासत में ले लिया गया।
कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में नशे की खेप पहुंचाने का काम करता था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए तस्करों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।





