तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
अनपरा (सोनभद्र): जिले के अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत औड़ी मोड़ पर गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक सेवा केंद्र (कॉमन सर्विस सेंटर) में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि केंद्र के अंदर रखा लाखों रुपये का कैश, कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर और अन्य जरूरी उपकरण देखते ही देखते जलकर पूरी तरह राख हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले केंद्र के अंदर से हल्का धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी-अपनी दुकानों से सामान हटाने में जुट गए, ताकि आग अन्य स्थानों तक न फैल सके।घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने में हुई देरी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। इस बीच स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया परंतु आग की तीव्रता के सामने सभी प्रयास नाकाम साबित हुए।
करीब देर से मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास की दुकानों और मकानों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का कैश और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय केंद्र में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी से जुड़ा हो सकता है, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में कैश और जरूरी दस्तावेजों की सुरक्षा के क्या इंतजाम थे क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी इस हादसे की वजह बनी?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो





