बीजपुर एनटीपीसी में श्रमिकों का बगावत शोषण के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ों मजदूर

IMG-20260412-WA0003

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र। बीजपुर स्थित एनटीपीसी परियोजना में एफजीडी कार्य से जुड़े मजदूरों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आ गया। विभिन्न वेंडर कंपनियों कुणाल एनर्जियो, पावर टॉनिक, शिवम, लॉयड, श्री भीम और रोहन—के सैकड़ों मजदूरों ने परियोजना गेट पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए श्रम शोषण के खिलाफ बिगुल फूंक दिया।प्रदर्शनकारी मजदूरों का आरोप है कि उनसे लगातार 12-12 घंटे काम कराया जा रहा है, जबकि भुगतान में भारी अनियमितता बरती जा रही है। मजदूरों का कहना है कि शुरुआत में 8 घंटे कार्य और अतिरिक्त समय के लिए ओवरटाइम देने की बात तय हुई थी, लेकिन अब बिना ओवरटाइम दिए ही 12 घंटे काम करने का दबाव बनाया जा रहा है।मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि एक ही महीने में अलग-अलग दिनों के लिए अलग-अलग तरीके से भुगतान किया जा रहा है—कभी 12 घंटे का तो कभी केवल 8 घंटे का हिसाब दिया जाता है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों की मांग है कि 8 घंटे के बाद कम से कम 2 घंटे का अनिवार्य ओवरटाइम भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कुणाल कंपनी के साइट इंचार्ज विपिन गुप्ता पर आरोप लगाया कि वे मामूली बातों पर काम से निकालने की धमकी देते हैं।मजदूरों के अनुसार, अपनी हक की आवाज उठाने पर तीन दिन पहले ही 6 श्रमिकों को काम से बाहर कर दिया गया, जिससे अन्य मजदूरों में भय और आक्रोश का माहौल है।
मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

About the Author

Leave a Reply