घर के बड़ेर में फंदे से लटका मिला युवक, अज्ञात कारणों से की आत्महत्या

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – प्रमोद कुमार

दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुरता में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सतनारायण (38) पुत्र राजनाथ ने अज्ञात कारणों से अपने घर के बड़ेर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
ग्राम प्रधान शिवकुमार यादव ने बताया कि सतनारायण और उनकी पत्नी देवनती शुक्रवार को रिश्तेदार के सुपांचुआ गांव में शादी समारोह में गए थे। शनिवार सुबह 11 बजे लौटने के बाद सभी ने दोपहर का भोजन किया और सो गए। लगभग तीन बजे मृतक के छोटे बच्चों ने बड़ेर में उन्हें दुपट्टे के सहारे लटके देखा। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिवारजन जागे और दहाड़ें मारकर रोने बिलखने लगे।
आसपास के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची दुद्धी कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से उतारा, पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। मृतक अपनी पत्नी देवनती और दो बेटियों व एक बेटे को जीने के लिए अकेला छोड़ गए। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।

About the Author

Leave a Reply