तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी
सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र अंतर्गत खेवधा मोड़ के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। चढ़ाई पर चढ़ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़कने लगा, और देखते ही देखते यह हादसा मौत का मंजर बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक जैसे ही खेवधा मोड़ की चढ़ाई पर पहुंचा, वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से पीछे की ओर जाने लगा। हालात बिगड़ते देख चालक ने अपनी जान बचाने के लिए ट्रक से कूदने का प्रयास किया, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। वह सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान 33 वर्षीय ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, निवासी कोरांव, प्रयागराज के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चढ़ाई के दौरान अचानक बैक हो गया, जिससे चालक संतुलन नहीं बना पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से।इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी और चढ़ाई वाले मार्गों पर भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।






