सोनभद्र में बिछेगा गैस पाइपलाइन का जाल: हर घर तक पहुंचेगी PNG, विकास की नई रफ्तार पर प्रशासन का फोकस

IMG-20260508-WA0188

तेज़ एक्सप्रेस न्यूज – किरण साहनी

सोनभद्र।जनपद में आधुनिक ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम बढ़ाया है। सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क की स्थापना को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में गैस पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार, घरेलू गैस कनेक्शन, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में गैस आपूर्ति तथा परियोजना के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और गेल कंपनी के प्रतिनिधियों से जनपद में चल रही सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने गैस पाइपलाइन बिछाने, उपभोक्ताओं तक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पहुंचाने, औद्योगिक इकाइयों को गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कई अहम निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह योजना केवल गैस आपूर्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनपद के विकास, पर्यावरण संरक्षण और लोगों के जीवन स्तर में सुधार से भी सीधे जुड़ी हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराएं।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क, जलनिकासी, विद्युत और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान न पहुंचे। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने तथा आवश्यक अनुमति प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना लागू होने के बाद लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन उपलब्ध होगा। इससे पारंपरिक ईंधनों पर निर्भरता कम होगी, पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी और आमजन को रसोई गैस सिलेंडर की परेशानियों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचने से उपभोक्ताओं को निरंतर आपूर्ति मिलेगी और सुरक्षा मानकों में भी सुधार होगा।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह योजना औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। गैस आधारित ऊर्जा उपलब्ध होने से उद्योगों को बेहतर विकल्प मिलेगा, जिससे उत्पादन लागत कम होने के साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। माना जा रहा है कि इससे निवेश और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
बैठक के दौरान परियोजना से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जहां कहीं भी भूमि, अनुमति या समन्वय से जुड़ी समस्याएं सामने आएं, उनका तत्काल समाधान कराया जाए ताकि परियोजना की गति प्रभावित न हो।
जनपद में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की स्थापना को लेकर लोगों में भी उत्सुकता बढ़ रही है। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी पाइप्ड गैस सुविधा मिलने की उम्मीद से लोग इसे बड़ी राहत के रूप में देख रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में यह योजना सोनभद्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा गेल कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About the Author

Leave a Reply